रिसिया (बहराइच)। इको मैन के रूप में प्रसिद्ध क्षेत्र के हुसैनपुर निवासी व्यवसायी रामरतन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को लखनऊ के सचिवालय सभागार में कृषि उद्यमी पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। यह पुरस्कार प्रथम पराली निस्तारण उद्योग स्थापित कर पराली जलाने के मामलों में कमी लाने के लिए दिया जा रहा है।
रिसिया निवासी व्यवसायी रामरतन ने किसानों से पराली खरीदकर उससे फ्यूल पैलेट तैयार कर नेशनल थर्मल पॉवर कंपनी को विद्युत उत्पादन के लिए व अन्य निजी बॉयलर को दिया जा रहा है। रामरतन ने किसानों से डेढ़ सौ से दो सौ रुपये के बीच पराली खरीदकर उन्हें आर्थिक मदद तो दी ही, उनके इस प्रयास से क्षेत्र में पराली जलाने के मामलों में भी खासी कमी आई है। व्यवसायी को उनके इस प्रयास के लिए पूर्व में डीएम दिनेश सिंह व उप कृषि निदेशक टीपी शाही द्वारा भी पुरस्कृत किया जा चुका है। व्यवसायी के पुरस्कृत होने की घोषणा से क्षेत्रवासियों में हर्ष है।