बहराइच। जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया के नेतृत्व में प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ने थाना रानीपुर, रामगांव व फखरपुर के विभिन्न स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान झिंगहा नाले के किनारे जमीन में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई। आबकारी सिपाही मोहम्मद हसीन खां ने नाले के पानी में उतरकर शराब की तलाश शुरू की।
इस पर नाले के भीतर से भी शराब व शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। जिला आबकारी अधिकारी लवानिया ने बताया कि मौके से 70 लीटर अवैध शराब व चार सौ किलोग्राम लहन बरामद की गई है। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कराते हुए तमाचपुर निवासी कुंवारे पुत्र स्व. महादेव व निबुआरी निवासी आत्माराम पुत्र सीताराम के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन अभियान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आगे भी जारी रहेगा।