बहराइच। जरवल स्थित बाबा खाकीदास मंदिर परिसर में चल रहे श्रीराम विवाह महोत्सव कार्यक्रम के तहत शनिवार को भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों से होती हुई वापस मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।
खाकी दास मंदिर परिसर से निकाली गई भगवान श्रीराम की शोभायात्रा नगर के मोहल्ला लालनटोला से होते हुआ चौक बाजार से गल्ला मंडी पहुंची। यहां घनश्याम गुप्ता, दीपक गुप्ता, सूरज कसौधन आदि ने श्रद्धालुओं को माला पहनाकर व रोली-अक्षत लगाकर सम्मानित किया। इस दौरान विधि-विधान से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न की पूजा-अर्चना की गई।
इसके बाद यात्रा वापस मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। मंदिर परिसर में पुरोहित ने भगवान श्रीराम व माता सीता का विधिवत विवाह संपन्न कराया। इस मौके पर विजय कुमार सर्राफ, अनिल कुमार सोनी, लवकुश गुप्ता, पुष्पराज गुप्ता, नितिश कुमार गुप्ता, कुंवर दीप, बब्बू महाराज, पन्नालाल आदि मौजूद रहे।