बहराइच। जरवल विकास खंड स्थित प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर के खेल मैदान में ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इसमें विभिन्न न्याय पंचायतों के बेसिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें लंबी कूद में मुकेश व सौ मीटर दौड़ बालिका वर्ग में प्रियंका विजेता बनीं।
मुख्य अतिथि एसडीएम महेश कैथल ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। खेल हमें शारीरिक तथा मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। खेल स्पर्धाओं में कबड्डी प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय कुरमौरा की टीम विजेता रही। खो-खो स्पर्धा में उच्च प्राथमिक विद्यालय जमापुर की छात्राओं ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की टीम को पराजित किया। कार्यक्रम के आयोजक बीईओ जरवल संतोष कुमार सिंह ने सफल आयोजन के लिए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विकास खंड के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, अनुदेशक व शिक्षामित्र मौजूद रहे।