बहराइच। विकास खंड मिहींपुरवा के चफरिया गांव स्थित सहकारी समिति का धान क्रय केंद्र बंद होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी क्रय केंद्र बंद होने से किसानों को अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचना पड़ रहा है। धान क्रय केंद्र बंद होने से किसानों में आक्रोश है और किसानों ने क्रय केंद्र का संचालन करवाने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मांग की है।
क्षेत्रीय किसान मलकीत सिंह चीमा, गुरु प्रताप सिंह ,हरजिंदर सिंह, बलविंदर सिंह, गुरवंत सिंह आदि ने बताया कि धान क्रय केन्द्र बंद होने से लखीमपुर मंडी व बहराइच मंडी जाकर फसल बेचनी पड़ रही है। मंडी में फसल बेचने पर मेहनत से उगाई गई फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। पहले ही मौसम की मार से नुकसान झेलना पड़ा है और जो बची फसल है उसका भी उचित मूल्य नहीं मिलेगा तो घर चलाना मुश्किल होगा। किसानों ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में चफरिया धान क्रय केंद्र खुलवाने और तौल शुरू करवाने की मांग की है।