बहराइच। आश्वासन के बाद निर्धारित तिथि पर गन्ना भुगतान न करने पर बुधवार को सुजौली थाना क्षेत्र के गन्ना किसानों में गुस्सा देखने को मिला। किसानों ने बुधवार को बड़खड़िया क्रय केंद्र पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। मिल प्रशासन की ओर से दोबारा आश्वासन देने पर किसानों ने प्रदर्शन खत्म किया।
गन्ना किसानों का पिछले एक साल से ज्यादा समय का भुगतान अभी बकाया है। भुगतान के लिए बीते दिनों क्षेत्रीय किसानों ने प्रदर्शन किया था और मिल क्षेत्र के सात गन्ना क्रय केंद्रों की तौल बंद करवा दी थी। इसके बाद मिल प्रशासन ने किसानों से 30 नवंबर तक सभी बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया था। 30 नवंबर बीतने के बाद भी भुगतान न होने पर बुधवार को एक बार फिर किसानों में उबाल देखने को मिला। गुस्साए किसानों ने बड़खड़िया गन्ना क्रय केंद्र पर सुबह पांच बजे ही ताला जड़ दिया।
किसानों ने आरोप लगाया कि मिल प्रशासन वादे से मुकर रहा है। कहा कि अगर पांच दिसंबर तक भुगतान नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान गन्ना अधिकारी मनोज कुमार उपाध्याय, नंदकिशोर वर्मा, क्षेत्रीय गन्ना अधिकारी अरुण कुमार सिंह, किसान अजीत सिंह, जगदीश प्रसाद मौर्या, इंद्रेश, बिंद्रा प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद आदि मौजूद रहे।