बहराइच। दो महीने से वेतन नहीं मिलने को लेकर मंगलवार को जिला चिकित्सालय के 87 वार्ड ब्वॉय और स्टाफ नर्सों ने सीएमएस का घेराव किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी संविदा कर्मियों से बातचीत कर समझाया और उन्हें आठ नवंबर तक वेतन दिलाने का आश्वासन भी दिया। मंगलवार सुबह 10 बजे सभी कर्मचारी सीधे सीएमएस कार्यालय के सामने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
सीएमएस ओपी पांडेय ने हस्तक्षेप करते हुए और काम पर लौटने को कहा। जब कर्मचारी नहीं माने तो उन्होंने उच्चाधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने संविदा कर्मियों से कहा कि आठ नवंबर तक सबके खातों में वेतन भेज दिया जाएगा। घेराव करने वालों में अजय प्रताप सिंह, रजत कुमार मुखर्जी, रुचि, किरन, स्वाति, प्रीति यादव, रेनू वर्मा, निशा, अनवर खान, अनीस, जितेंद्र, दीपक कुमार आदि शामिल रहे।