गायघाट (बहराइच)। असली लोगो लगाकर नकली सीमेंट बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में नकली सीमेंट बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दो मास्टर माइंड आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं, नकली सीमेंट बरामद होने के बाद पुलिस ने दुकान को सील कर दिया है।
अर्जुन गोल्ड सीमेंट कंपनी के सेल्स मैनेजर मयंक अस्थाना को सूचना मिली कि मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में असली लोगो लगाकर नकली सीमेंट बेचने का धंधा चल रहा है। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस पर मोतीपुर थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह ने अपनी टीम व सेल्स मैनेजर के साथ रायबोझा स्थित ख्वाजा गरीब नवाज ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारा। दुकान से 354 बोरी नकली सीमेंट बरामद हुई। इस पर अर्जुन गोल्ड कंपनी का लोगो लगा था। नकली सीमेंट बरामद कर पुलिस थाने ले आई।
मोतीपुर थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह ने बताया कि छानबीन में पता चला कि समसुद्दीन पुत्र इस्लाम व शादाब पुत्र इश्तियाक अली निवासी रायबोझा और जमाल अहमद निवासी मिहींपुरवा, थाना मोतीपुर ने मिलकर नकली सीमेंट का कारोबार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि साक्ष्य के आधार पर आरोपी शादाब पुत्र इश्तियाक अली को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के मास्टर माइंड दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। दुकान को सील कर दिया गया है।