महसी (बहराइच)। महसी तहसील क्षेत्र के पूरी हिंदू सिंह पुरवा में सरयू नदी में डूब रहे वनरोज के बच्चे को 70 वर्षीय वृद्ध साधु ने बचा लिया। साधु के इस कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है। महसी के चुरईपुरवा गांव निवासी शंकर प्रसाद पुजारी हैं। क्षेत्र के लोग उन्हें शंकर बाबा के नाम से पुकारते हैं। शंकर बाबा बाढ़ व कटान के चलते पिपरी मोहन के हिंदू सिंह पुरवा गांव में रहते हैं। बृहस्पतिवार को बाढ़ में वनरोज का एक बच्चा बहकर आ रहा था।
शंकर बाबा की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने अथक प्रयास कर वनरोज के बच्चे को बाहर निकाला। लोगों के पूछने पर बाबा ने ‘कुटिल वचन सबसे बुरा जासे होत न सदाचार, साधु वचन जल रूप है बरसे अमृत धार’ के माध्यम से पशुओं की मदद करने की बात कही। वनरोज के बच्चे को बचाने में शेरू सिंह, राहुल मिश्रा और विनोद पाठक ने भी सहयोग किया। बचाने के बाद वनरोज के बच्चे को दूध पिलाने के साथ डॉक्टरों से सलाह भी ली जा रही है। (संवाद)