बहराइच। लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए दो किसानों के बहराइच जिले का होने व शव के पोस्टमार्टम को लेकर बढ़ी हलचल के बाद डीएम के आदेश पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बुधवार सुबह से बंद कर दी गईं। इंटरनेट सेवा बंद होने से लोग परेशान रहे। हालांकि, ब्रॉडबैंड सेवाएं पहले की तरह ही संचालित होती रहीं जिससे लोगों को कुछ राहत भी महसूस हुई। लखीमपुर खीरी के किसान आंदोलन में हुई हिंसा के दौरान बहराइच के नानपारा और मटेरा निवासी दो किसानों की मौत हो गई थी।
एक किसान का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की सूचना पर किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत भी बहराइच पहुंच गए जिसे देखते हुए मंगलवार रात से ही सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगने की संभावनाएं बन गई थीं। बुधवार सुबह जब लोगों ने मोबाइल खोलने शुरू किए तो इंटरनेट बंद होने का मेसेज आना शुरू हो गया। बहराइच की सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को तत्काल बंद कर दिया गया जिससे लोग परेशान रहे। वहीं, ब्रॉडबैंड सेवाएं पहले की तरह ही चलती रहीं। इससे लोगों को कुछ राहत भी महसूस हुई।