बहराइच। लखीमपुर खीरी में हिंसा के दौरान किसान गुरुविंदर की मौत के बाद परिजनों की मांग पर मंगलवार देर शाम दोबारा पोस्टमार्टम कराने की सहमति बनी और आधी रात को पोस्टमार्टम शुरू हुआ। बुधवार भोर साढ़े चार बजे पोस्टमार्टम खत्म हुआ, लेकिन रिपोर्ट में गन शॉट की पुष्टि नहीं हुई जबकि परिजनों ने गोली लगने से मौत आशंका जताई थी। मृत किसान का दोबारा पोस्टमार्टम पीजीआई लखनऊ के चार चिकित्सकों के पैनल ने किया जबकि दो चिकित्सक मृत किसान के परिजन की ओर से निगरानी के लिए मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम के दौरान किसान नेता राकेश टिकैत भी मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान काफी लोग मौजूद रहे। नम आंखों से किसान को अंतिम विदाई दी गई। डीएम, एसपी व एएसपी ग्रामीण ने भी अंतिम संस्कार में शामिल होकर शोक संवेदना व्यक्त की। अंतिम संस्कार के बाद गांव में चारों ओर सन्नाटा पसरा हुआ है।
लखीमपुर खीरी में हिंसा के दौरान बहराइच के दो किसानों की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट न मिलने से मटेरा थाना क्षेत्र के मोहरनिया गांव निवासी मृत किसान गुरुविंदर सिंह के परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। रिपोर्ट पहुंची तो गन शॉट न लिखे होने से परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग रखी। सभी गोली लगने से मौत की आशंका जता रहे थे। मंगलवार की देर शाम किसान नेता राकेश टिकैत लखीमपुर के रास्ते पहुंचे तो लखनऊ से चार डॉक्टरों को हेलीकाप्टर से मृत किसान के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करने के लिए बुलाया गया। रात लगभग 11 बजे घर से पोस्टमार्टम हाउस के लिए शव रवाना हुआ। शव के साथ किसान नेता राकेश टिकैत मौजूद रहे। लगभग एक बजे रात से पोस्टमार्टम शुरू हुआ जो बुधवार भोर लगभग साढ़े चार बजे खत्म हुआ।
पोस्टमार्टम के दौरान गुरुविंदर के परिवार की ओर से बुलाए गए लखीमपुर के पलिया के दो चिकित्सक भी निगरानी के लिए मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र, एसपी सुजाता सिंह व एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार मौजूद रहे। लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस फोर्स तैनात रही।
मृत किसान गुरुविंदर सिंह का दोबारा पोस्टमार्टम लखनऊ के चिकित्सकों द्वारा कराया गया। पहले वाली रिपोर्ट की दोबारा भी पुष्टि हुई है। किसान की मौत चोट लगने व घसीटने से हुई है। गन शॉट की पुष्टि नहीं हुई है।
- डॉ. एसके सिंह, सीएमओ, बहराइच
जिला प्रशासन ने हमारी मांग मान ली। दोबारा पोस्टमार्टम कराया। अब हमें कोई दिक्कत नहीं। अब जो निर्णय आएगा उसे हम मानेंगे। हम पूरी तरह संतुष्ट हैं। संतुष्टि के बाद ही अंतिम संस्कार किया गया है।
- जसवीर सिंह , राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय सिख संगठन
मृत किसान के परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर संदेह किया गया और उसे मानने से इंकार किया गया था। वहीं, शासन की प्राथमिकता है कि निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से न्याय व्यवस्था कायम रखी जाए। परिजनों के अनुरोध पर सीएमओ की देखरेख में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
- डॉ. दिनेश चंद्र, डीएम, बहराइच