राजीचौराहा (बहराइच)। भगवानपुर हरदी स्थित आर्यावर्त बैंक में आठ दिनों से सर्वर ठप होने के कारण उपभोक्ता लेनदेन नहीं कर पा रहे हैं। हर दिन की तरह मंगलवार को भी सैकड़ों लोग बैंक पहुंचे, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण वापस लौट गए।
महसी तहसील अंतर्गत हरदी बाजार में आर्यावर्त बैंक शाखा भगवानपुर संचालित है। बैंक में 13 गांवों के 70 हजार से अधिक उपभोक्ताओं का लेनदेन है। इन दिनों आए दिन बैंक का सर्वर गायब हो जाता है, जिससे बैंक पहुंचने वाले उपभोक्ता लेनदेन नहीं कर पा रहे हैं। बैंक में नेटवर्क की समस्या लगभग आठ दिन से है। मंगलवार को पुन: बैंक खुलने पर काफी संख्या में उपभोक्ता लेनदेन के लिए पहुंचे, लेकिन सुबह 11 बजे ही बैंक का सर्वर ठप हो गया। जिससे लेनदेन प्रभावित हो गया। बैंक के बाहर सैकड़ों की संख्या में खड़े उपभोक्ता लेनदेन के अभाव में परेशान दिखे।
उपभोक्ता विनोद कुमार अवस्थी, सतीश कुमार, संतोष मिश्रा, राजित राम आदि का कहना है कि आए दिन बैंक का सर्वर ठप हो जाता है। इसका मुख्य कारण बैंक पर अधिक लोड होना है। ऐसे में सभी ने गांव में दूसरी शाखा खोले जाने की मांग की है। इस प्रकरण पर मैनेजर का कहना है कि बीते एक सप्ताह से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। बैंक कर्मियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी परेशानी हो रही है। समस्या को लेकर उच्चाधिकारियों को लगातार सूचित कर रहे हैं।