बहराइच। जिलाधिकारी के निर्देशन में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेगा वैक्सीनेशन शिविर का संचालन हुआ। इसमें 83701 लोगों ने टीका लगवाया जिससे टीकाकरण में जिले को प्रदेश में पांचवां स्थान मिला है। वहीं, लक्ष्य से अधिक टीकाकरण करने वाली तीन सीएचसी को जिलाधिकारी ने सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देशन में सोमवार को कोरोना से बचाव के लिए मेगा वैक्सीनेशन शिविर का संचालन हुआ। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सीडीओ, सीएमओ, एसडीएम, बीडीओ, बूथ टीम के सदस्य व समाजसेवी संस्थाएं लगाई गईं थीं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को 94 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला था जिनमें प्रत्येक सीएचसी को सात-सात हजार वैक्सीन लगाने का जिम्मा दिया गया था।
सीएमओ ने बताया कि जिलेभर में 83701 लोगों ने टीका लगवाया है जिससे बहराइच जनपद को वैक्सीनेशन में प्रदेश में पांचवां स्थान मिला है। टीकाकरण अभियान का जिलाधिकारी ने चित्तौरा सीएचसी में जायजा लिया। सीएचसी में चल रहे फीडिंग कार्य की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने टीकाकरण में प्रथम तीन स्थान पर रहने वाली सीएचसी को सम्मानित करने का निर्देश सीएमओ को दिया है। सीएमओ ने बताया कि सीएचसी मोतीपुर प्रथम, महसी द्वितीय और रिसिया तृतीय स्थान पर रही है।
सीएमओ ने बताया कि मोतीपुर सीएचसी क्षेत्र में 7471 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। महसी में 7330, रिसिया में 7214, चित्तौरा में 7008, बलहा में 6685, शिवपुर में 6044, जरवल में 5590, तेजवापुर में 5108, हुजूरपुर में 4898, फखरपुर में 4386, पयागपुर में 3302, नवाबगंज में 2941, बहराइच अर्बन में 1664, ट्रामा सेंटर में 450 और महिला चिकित्सालय में 306 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।