बहराइच। जिले में मंगलवार तड़के मूसलाधार बारिश शुरू हो गई जिससे शहर की गलियां और मोहल्ले तालाब में तब्दील हो गए। वहीं, बारिश धान की फसल के लिए संजीवनी साबित हुई है। किसानों को अधिक धान की पैदावार होने की उम्मीद है, लेकिन सब्जी की खेती इससे प्रभावित हो सकती है। इसको देखते हुए किसान सब्जी के खेत से पानी निकासी की व्यवस्था करें। साथ निचले इलाके में लगे गन्ने की फसल को भी पानी भरने से बचाएं।
तराई क्षेत्र के बहराइच जिले में मंगलवार तड़के चार बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश का सिलसिला सुबह नौ बजे तक चलता रहा। मूसलाधार बारिश के चलते शहर के मोहल्ला, गली और ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के बीच सुबह दिनचर्या के लिए लोग निकले। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में सड़कों पर पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क पर घुटनों भर से अधिक पानी भर गया है। वहीं बारिश धान की फसल के लिए संजीवनी साबित हुई है।
धान के खेत पानी से लबालब भरे हुए हैं। ऐसे में किसान धान की अधिक पैदावार होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि बारिश धान की फसल के लिए अमृत है। ऐसे में किसान बारिश के बाद मांग के सापेक्ष यूरिया व अन्य खाद का छिड़काव करें। इसके साथ ही धान के खेत में निराई शुरू कर दें। जिससे धान के पौध का जड़ मजबूत होगा। इससे पैदावार अधिक होगी। वहीं सब्जियों की खेती प्रभावित हो सकती है। इससे महंगाई भी बढ़ सकती है। इसको देखते हुए किसान सचेत रहें।
उद्यान सलाहकार आरके वर्मा ने बताया कि सब्जी की खेती करने वाले किसान विशेष ध्यान दें। जिनके खेत में तोरिया, लौकी, कद्दू, परवल, लोबा लगा हुआ है। वह खेत में भरे पानी को निकालने के लिए क्यारी का निर्माण करें। पानी खेत में भरा न रहने दें। जिससे सब्जी की पैदावार हो सके।
जिले के कुछ तहसील में बाढ़ का पानी चल रहा है। जबकि बारिश का पानी भी खेतों में भर रहा है। ऐसे में गन्ने की फसल में रोडराड रोग लग सकता है।इसको देखते हुए किसान दवा का छिड़काव करें। साथ ही पानी निकासी की व्यवस्था करते हुए गन्ने को सीधा रखने की कोशिश करें।
शैलेष कुमार मौर्य जिला गन्ना अधिकारी
शहर के मोहल्ला रायपुर राजा में जलनिकासी की व्यवस्था के लिए नाली का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे में बारिश का पानी सड़कों पर ही भर रहा है। मंगलवार को बारिश से हुए जलभराव में बच्चे खेलते दिखे।
कैसरगंज तहसील क्षेत्र के रेवली गांव में बारिश और बाढ़ के पानी से फसलों को नुकसान हुआ है। इसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार को कृषि अधिकारी पंकज कुमार और कंपनी सुपरवाइजर गिरजेश प्रताप ने क्षेत्र का भ्रमण किया। साथ ही बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि किसानों को क्षति का मुआवजा दिया जाएगा। इस दौरान नंदकिशोर, तेज बहादुर, महेंद्र सिंह के खेत का निरीक्षण किया गया।