पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर सीएचसी अधीक्षक द्वारा पत्रकारों के साथ की गई अभद्रता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के सभी पत्रकार एकत्रित हुए। सभी ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अधीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई न होने पर पत्रकारों ने आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काफी अव्यवस्थाएं हैं। चिकित्सक बिना अवकाश के ही गायब चल रहे हैं। साथ ही बुखार के मरीजों के लिए बेहतर व्यवस्था नहीं है। इसकी जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार को क्षेत्र के पत्रकार कवरेज के लिए पहुंचे थे। इससे सीएचसी अधीक्षक डॉ. संदीप मिश्रा भड़क गए थे। उन्होंने दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता के विरुद्ध अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी थी। इससे तहसील क्षेत्र के पत्रकार नाराज हो गए।
शुक्रवार को पत्रकारों ने उपजिलाधिकारी कीर्तिप्रकाश भारती को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। जितेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि दो दिन में अधीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो आमरण अनशन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में श्यामसुंदर श्रीवास्तव, महेश अग्रवाल, दीपक सिंह, जेडी त्यागी, एसजे मिश्रा, सलमान अहमद, रतन सिंह, गजेंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।