बहराइच। जिले में दो दिनों से बारिश हो रही है। इसको लेकर मिट्टी के मकान में नमी आ गई है। नमी आने से मिट्टी के मकान गिर रहे हैं। बौंडी में एक मवेशी की मलबे में दबकर मौत हो गई। लगातार बारिश से सड़कों पर पेड़ गिर रहे हैं। जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं बारिश के बीच ही अघोषित बिजली कटौती से जिलेवासी काफी परेशान हैं।
तराई के बहराइच जिले में शुक्रवार सुबह से ही रिमझिम बारिश हो रही है। लगातार बारिश होने से जहां शहर के मोहल्लों में जलभराव है। वहीं गली-मोहल्लों में कीचड़ होने से लोगों को चलना दुश्वार हो रहा है। बारिश होने से मिट्टी के मकानों में नमी आ रही है। बौंडी थाना क्षेत्र के सिपहिया हुलास गांव में एक ग्रामीण का मकान गिर गया। मलबे में दबकर मवेशी की मौत हो गई। सुजौली थाना क्षेत्र के चहलवा ग्राम पंचायत के वन ग्राम टेड़िया में ग्रामीणों के मकान गिर गए। गांव निवासी संदीप, लाला प्रसाद और लक्ष्मण के मकान की दीवार गिर गई। जबकि गांव निवासी राजेश, जनमेजर, धर्मराज, अक्षयलाल, रामसहाय समेत अन्य के मकान में पानी भर गया।
कैलाशपुरी बाजार में पानी की जद में आ गया है। मस्जिद में पानी भरने लगा है। सड़कों पर पानी चल रहा है। सुजौली-लखीमपुर मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गई है। उधर बारिश के साथ ही बिजली कटौती से लोगों में हाहाकार है। शहर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। मौसम वैज्ञानिक एमपी सिंह का कहना है कि 70 मिलीमीटर से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। आगे भी वर्षा होने की संभावना है।