बिछिया (बहराइच)। रिमझिम बारिश के दौरान ही हाथियों का झुंड विशुनापुर गांव पहुंच गया। हाथियों के झुंड ने खेत की रखवाली कर रहे किसानों को दौड़ा लिया। किसानों ने भागकर जान बचाई। इसके बाद झुंड ने किसानों की 20 बीघा फसल को रौंद दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
कतर्नियाघाट सेंक्चुरी क्षेत्र के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत विशुनापुर गांव में शुक्रवार रात को किसान खेत की रखवाली कर रहे थे। रिमझिम बारिश के बीच सभी छाता लगाए मवेशियों से फसलों को बचाने की जुगत में लगे थे। इसी दौरान हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों के झुंड ने किसानों को दौड़ा लिया। किसानों ने भागकर जान बचाई। हाथियों के झुंड ने रामकिशुन, चुरमानी, सरवन, पेशकार और मक्कू की धान और गन्ने की 20 बीघा फसल को रौंद दिया। ग्रामीणों ने पीपा बजाते हुए गोला दगाया। तब हाथियों का झुंड जंगल की ओर गया। ग्रामीणों के मुताबिक झुंड में 20 से 25 हाथी शामिल थे। इनमें हाथियों के बच्चे भी थे। किसानों ने हाथियों से बचाव के लिए वन विभाग से रात्रि गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। सभी का कहना है कि रात में हाथी का झुंड आता है और गश्त नहीं होती है।