बहराइच। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री व जनपद के प्रभारी अनिल राजभर ने विकास खंड कैसरगंज व जरवल में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किया। सामुदायिक शौचालयों एवं पंचायत भवनों का लोकार्पण भी किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आधी आबादी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रही है।
प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने विकास खंड जरवल परिसर में पौधरोपण भी किया। विकास खंड कैसरगंज में 28 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र, सामुदायिक शौचालय के संचालन के लिए छह स्वयं सहायता समूहों को चाबी एवं प्रमाण पत्र, छह वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन एवं चार निराश्रित महिलाओं को पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र वितरित किया। इसके अलावा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए पांच बैंक सखी एवं समूह सखी और निर्माण कार्य में पांच स्वयं सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र का वितरण किया। इसके अतिरिक्त विकास खंड के 5-5 सामुदायिक शौचालयों व पंचायत भवनों का लोकार्पण भी मंत्री द्वारा किया गया।
इसी प्रकार विकास खंड जरवल के ग्राम बहरामपुर व झुकिया के सात लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण व प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत अलीनगर, बहरामपुर व धनराजपुर के 10 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र बांटा। सामुदायिक शौचालयों के संचालन के लिए 10 स्वयं सहायता समूहों को अनुबंध पत्र का वितरण किया गया। प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तीकरण व आत्मनिर्भरता के लिए उज्ज्वला, जन-धन योजना, आवासीय योजनाएं, खाद्यान्न वितरण व महिला स्वयं सहायता समूह जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सहकारिता मंत्री के प्रतिनिधि गौरव वर्मा ने भी योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। कैसरगंज में आयोजित कार्यक्रम में पीडी अनिल कुमार सिंह ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का संचालन एडीओ विजयकांत मिश्रा ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जयचंद्र पाण्डेय, उप जिलाधिकारी कैसरगंज महेश कुमार कैथल, ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह विसेन आदि मौजूद रहे।