बहराइच। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में शनिवार को आयोजित हुई। बैठक में योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने जिले के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ विकास योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाए जाने की अपील की।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों के द्वारा सुझाव दिये गये कि योजना अन्तर्गत क्षेत्र पंचायत के प्रस्ताव को भी सम्मिलित किया जाय। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की समीक्षा के दौरान सुझाव दिए गए कि ऐसे रणनीति तैयार की जाय कि अधिक से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को सेवायोजित किया जाए। सांसद कैसरगंज ने जिलाधिकारी से प्रशिक्षण प्रदाता एजेेंसियों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किए गए अभ्यर्थियों का सत्यापन कराये जाने का सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा के दौरान सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड व विधायक महसी सुरेश्वर सिंह द्वारा कटाई घाट मार्ग की तथा विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी द्वारा पयागपुर क्षेत्र के सड़कों की मरम्मत कराए जाने का सुझाव दिया गया।
विधायक बलहा द्वारा मिहींपुरवा क्षेत्र में अलग विद्युत फीडर करने, जरही लाइन को चालू कराने व विधायक पयागपुर ने विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन कराने के सुझाव दिए गए। मनरेगा योजना की समीक्षा के दौरान सांसद कैसरगंज ने सुझाव दिया कि टेढ़ी, सरयू व अन्य नदियों, जनपद के पुराने तालाबों व झीलों की कार्ययोजना तैयार कराकर समुचित साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही झीलों, तालाबों को नहरों से भी जोड़ा जाए ताकि गर्मी के मौसम में भी पर्याप्त मात्रा में झीलों और तालाबों में जल मौजूद रहे। बैठक के अन्त में सांसद कैसरगंज ने निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधि व अधिकारी बेहतर तालमेल व समन्वय के साथ टीम भावन से कार्य कर जनपद को विकास के पथ पर आगे ले जाएं।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा आभार व्यक्त किया गया। बैठक का संचालन पीडी अनिल कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह, सुनील सिंह, विधायक पयागपुर के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, एसपी सुजाता सिंह, सीडीओ कविता मीना, एडीएम जयचंद्र पाण्डेय, सीआरओ प्रदीप कुमार यादव, डीएफओ बहराइच मनीष सिंह, कतर्नियाघाट के आकाशदीप बधावन, डीडीओ राजेश कुमार मिश्र व सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह को, सीडीओ द्वारा सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड को, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी को डीडीओ द्वारा, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह को डीएफओ द्वारा व विधायक बलहा सरोज सोनकर को अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत द्वारा रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया गया।