पयागपुर (बहराइच)। खरिया दपौली गांव निवासी एक बालक अपने पिता के साथ मंगलवार को आधार बनवाने के लिए बैंक जा रहा था। सड़क किनारे जाते समय ई रिक्शा ने टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय बालक की मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
पयागपुर थाना अंतर्गत गोसाईपुरवा खरिया दपौली गांव निवासी शिवा (9) मंगलवार को अपने पिता ननके के साथ आधार कार्ड बनवाने के लिए जा रहा था। इकौना-पयागपुर मार्ग पर सेमरियावां के पास पिता-पुत्र पहुंचे। तभी अनियंत्रित ई रिक्शा ने बालक को टक्कर मार दी जिससे शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह ने बताया कि शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ननके की तहरीर पर दुर्घटना का केस दर्ज किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है। बालक की मौत से परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।