उर्रा (बहराइच)। ककरहा रेंज के रानीनगर गांव में एक ग्रामीण के गन्ने के खेत में शुक्रवार को तेंदुआ पहुंच गया। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पाकर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए खाबड़ लगाया है। साथ ही उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग के साथ एसटीपीएफ की टीम लगी हुई है।
ककरहा रेंज के नौबना बीट में दो दिन पूर्व तेंदुए ने एक बालक पर हमला कर दिया था। अभी ग्रामीण इससे उबरे भी नहीं थे। वहीं उर्रा बीट के रानीनगर गांव निवासी नरेश मौर्या के गन्ने के खेत में तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुआ खेत में पहुंचकर गुर्राने लगा। गुर्राहट की आवाज सुनकर ग्रामीण बाहर निकले तो खेत में तेंदुआ देखा। इस पर सभी में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने खेत में तेंदुआ आने की सूचना रेंज कार्यालय पर दी। वन क्षेत्राधिकारी इरफान अहमद ने प्रभागीय वनाधिकारी को मामले से अवगत कराया। डीएफओ के निर्देश वन क्षेत्राधिकारी, वन दरोगा आलोकमणि तिवारी, पशु चिकित्सक वीरेंद्र कुमार वर्मा, मिथिलेश राजपूत मौके पर पहुंचे। तेंदुए को पकड़ने के लिए खेत के चारों तरफ खाबड़ लगाया गया है। वन विभाग के साथ एसटीपीएफ के जवान लगाए गए हैं। डीएफओ ने बताया कि पहले तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश की जा रही है। जंगल की ओर न जाने पर उसे पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए पशु चिकित्सक भी भेजा गया है।