बहराइच। बारिश का इंतजार आखिर शनिवार को खत्म हो गया। जरवल रोड से पयागपुर तक और बहराइच से रुपइडीहा तक काफी बारिश हुई। कहीं-कहीं तो तीन से चार घंटे लगातार पानी बरसा। इससे एक ओर जहां गर्मी से राहत मिली वहीं, किसानों के चेहरों पर भी खुशी नजर आई। बारिश से खेतों में पानी भरा तो तमाम किसानों ने धान की रोपाई भी शुरू कर दी।
नानपारा तहसील क्षेत्र में शनिवार का दिन किसानों के नाम रहा। बारिश के इंतजार में यहां के अधिकतर किसानों ने थक-हारकर सिंचाई के लिए पंपिंग सेट का इंतजाम कर लिया था। हालांकि, शनिवार को बारिश शुरू हुई तो पंपिंग सेट बंद हो गये। पिसवारा के किसान रामचंद्र व केशवापुर के रामसहारे ने बताया कि बरसात से बड़ी राहत मिली। पयागपुर और जरवल रोड क्षेत्र में 15 से 20 मिनट ही बरसात हुई। हालांकि, यह बरसात किसानों के लिए कुछ राहत देने वाली साबित हुई। यहां के लोगों ने बताया कि इसी तरह कम से कम चार से पांच बरसात होनी चाहिए तभी काम चल पाएगा। इस बरसात से गन्ना, धान और केले के किसानों को बड़ा लाभ मिला है। बारिश न होने से केले और गन्ने की फसल मुरझाने लगी थी। उपनिदेशक, कृषि टीपी शाही ने बताया कि शनिवार को हुई बरसात से किसानों को राहत मिली है।
बहराइच शहर में करीब एक घंटे बरसात हुई जिससे कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। घसियारीपुरा, ब्राम्हणीपुरा, मीराखेल पुरा, गुदड़ी आदि क्षेत्रों में जबरदस्त जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, नगर पालिका की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए कई स्थानों पर जलनिकासी का भी प्रबंध किया। डिगिहा चौराहे, पानी टंकी चौराहे व दरगाह चौराहे पर घंटों जाम लगा रहा।