आग की लपटों की चपेट में सिर्फ ग्रामीणों के मकान ही नहीं हैं। जंगल और खेत भी धधक रहे हैं। शुक्रवार दोपहर में नानपारा रेंज में स्थित बघौली जंगल में अचानक आग लग गई। जब तक सूचना पाकर वन दरोगा सत्यजीत टीम के साथ पहुंचते, तब तक आग की लपटों ने 100 बीघा जंगल को आगोश में ले लिया। जंगल से उड़ी चिंगारी से बघौली गांव के किसानों के खेत में भी आग लग गई।
गेहूं की फसल धधक उठी। गांव निवासी सियाराम, गयादीन, धनीराम, बेचन, हंसा, रमेश, झुर्रा, आज्ञाराम, सुंदर, सत्यदेव, पांचू समेत 16 ग्रामीणों की लगभग 65 बीघा गेहूं की फसल राख हुई है। उधर हरदी थाना अंतर्गत गरेठी गुरुदत्तसिंहपुरवा निवासी रंगईलाल के खेत में एचटी लाइन से हुई शॉर्ट सर्किट से गिरी चिंगारी से पांच बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।
लेखपाल इकबाल बहादुर पांडेय ने जांच कर रिपोर्ट तहसील को भेजी। जबकि विकास खंड नवाबगंज अंतर्गत माधवरामपुरवा गांव के निकट रुपईडीहा निवासी पप्पू पासवान और रामगोपाल के खेत में आग लग गई। यहां भी लगभग 10 बीघा गेहूं की फसल जल गई। सभी स्थानों पर राजस्वकर्मियों ने रिपोर्ट तहसील को भेज दी है।