बहराइच मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के बाहर लगी मरीज व तीमारदारों की भीड़। -संवाद
बहराइच। मौसम के मिजाज में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई दे रहा है। ठंड और गर्मी के उतार-चढ़ाव के कारण बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ रहे हैं। इसका सीधा असर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में देखा जा रहा है, जहां मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है।
सोमवार को दोपहर 12 बजे तक करीब 1850 मरीजों का पंजीकरण किया गया। सुबह से ही परचा काउंटर और ओपीडी के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। सबसे अधिक भीड़ मेडिसिन, हड्डी रोग और पैथोलॉजी विभाग में देखने को मिली।
डॉक्टरों के अनुसार इस समय सर्दी, जुकाम, बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या अधिक है। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एमएमएम त्रिपाठी ने बताया कि मौसम में परिवर्तन के कारण बीमारियां बढ़ रही हैं। अस्पताल में सभी मरीजों का समुचित इलाज किया जा रहा है। आवश्यक दवाएं व जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
-
जमीन पर बैठकर करना पड़ा इंतजार
हड्डी रोग विभाग के बाहर दो घंटे से इंतजार कर रहे बाबादीन ने बताया कि उनके बेटे प्रभाकर का पैर टूटने के बाद प्लास्टर किया गया था। दोबारा जांच के लिए आने पर उन्हें बाहर जमीन पर बैठकर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। वहीं मेडिसिन विभाग में कल्पीपारा से आईं मालती ने बताया कि सीने में दर्द की शिकायत के चलते वह सुबह 10 बजे डॉक्टर को दिखाने पहुंचीं, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण उनका नंबर करीब दो घंटे बाद आया।