कैसरगंज। गोड़हिया-कैसरगंज मार्ग पर मंगलवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम पंचायत गोड़हिया नंबर दो के मजरे गडरियनपुरवा निवासी संतोष पाल (38) शौच के लिए गांव के दक्षिण दिशा गए थे और लौटते समय ढलान पर अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि संतोष ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गए और मौके पर ही कुचलकर उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश शुक्ला ने बताया कि संतोष की पत्नी संगीता ने थाने में नामजद तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।
इनसेट
वाहन की टक्कर से युवक घायल
चित्तौरा। कोतवाली देहात के सिटकहनाजोत केशव गांव निवासी संदीप (22) बुधवार दोपहर घर से कुछ काम होने की बात कह कर निकले थे। एक घंटे बाद अज्ञात वाहन की टक्कर से उनके घायल होने की सूचना परिजनों को मिली। बड़े भाई हीरा लाल ने मौके पर पहुंचकर संदीप को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। (संवाद)