गिलौला (श्रावस्ती)। राजापुर खुर्द में धान दराने आए एक व्यक्ति को मंगलवार शाम अचानक खून की उल्टियां शुरू हो गईं। उसे सीएचसी गिलौला पहुंचाया जहां चिकित्सकों के न होने पर परिजन काफी देर तक भटकते रहे और मरीज तड़पता रहा। करीब एक घंटे बाद पहुंचे फार्मेसिस्ट ने प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित को बहराइच रेफर कर दिया।
गिलौला क्षेत्र के राजापुर खुर्द निवासी ददने (25) पुत्र छोटकऊ मंगलवार की शाम गांव में ही धान दराने आया था। अचानक ददने को पेट दर्द की शिकायत हुई और खून की उल्टी शुरू हो गई। एंबुलेंस से ददने को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला पहुंचाया। सीएचसी गिलौला में चिकित्सकों के न होने पर ददने के साथ आए छोटकऊ, ददने की मां तारादेवी करीब एक घंटे तक इलाज कराने के लिए भटकते रही और मरीज तड़पता रहा। एक घंटे बाद पहुंचे फार्मेसिस्ट एसबी सिंह ने एंबुलेंस में ददने का प्राथमिक उपचार कर उसको जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। इस संबंध में सीएचसी गिलौला के प्रभारी डा. आशुतोष ने कुछ भी बताने से इंकार िकया है।