रामगांव। सहनवाजपुर गांव में एक ग्रामीण के घर रविवार सुबह बच्चे मूंगफली भून रहे थे। इसी दौरान भड़की चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। हजारों का अनाज व गृहस्थी का सामान जला है।
गांव निवासी लल्लन चौहान के घर के सामने छप्पर के नीचे रविवार की सुबह घर के बच्चे अलाव जलाकर मूंगफली भून रहे थे। अचानक चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। बच्चे शोर मचाते हुए भागे। परिवार के लोग दौड़े लेकिन तब तक आग की लपटों ने छप्पर को राख कर दिया। छप्पर के नीचे रखी धान की उपज जलकर राख हुई है। इसके अलावा बिस्तर व पास में खड़ी बाइक भी जल गई है। लल्लन के मुताबिक लगभग एक लाख का सामान स्वाहा हुआ है।
17 बीघा गन्ने की फसल जली
विशेश्वरगंज। क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए अग्निकांड में 17 बीघा फसल जल गई है। ग्राम रनियापुर निवासी सविता यादव पुत्र ने ग्राम नेवलापुर के रवींद्र नाथ पांडेय के खेत को कृषि कार्य के लिए ले रखा है। उसमें गन्ना लगा हुआ था। रविवार को अचानक खेत में आग लग गई, जिससे 12 बीघा गन्ने की फसल राख हो गई। थाना क्षेत्र के ही ग्राम अमकोलवा निवासी विजय तिवारी के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इनकी पांच बीघा गन्ने की फसल जली है।