बहराइच। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की दसवीं किश्त में इस बार 5438 नए किसानों को योजना का लाभ मिलेगा। भारत सरकार की ओर से 5,27053 किसानों को सम्मान निधि योजना की दसवीं किश्त के लिए पात्र माना गया है, जबकि इससे पूर्व 521615 किसानों को ही योजना का लाभ मिल रहा था।
किसानों की आय दोगुनी करने व कृषि कार्य में उन्हें आर्थिक मदद के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। जिसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का विशेष स्थान है। योजना के तहत किसानों को प्रत्येक चार वर्ष पर दो-दो हजार रुपए की धनराशि दी जाती है।
उप कृषि निदेशक कार्यालय के बड़े बाबू गुलाम रसूल ने बताया कि अब तक इस योजना से जिले के 14 ब्लॉकों के 521615 किसान लाभान्विति हो रहे थे। इन किसानों को योजना की नौवीं किश्त का भुगतान भी किया जा चुका है। दसवीं किश्त के लिए भारत सरकार की ओर से 527053 किसानों का आवेदन स्वीकृत किया गया है। यह 5438 किसान ऐसे हैं जो पहली बार किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित होंगे।
किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित रह गए किसान आवेदन कर सकते हैं। गुलाम रसूल ने बताया कि किसान जिन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, वह निकटतम सीएससी व ग्राहक सेवा केंद्र से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए किसानों के पास आधार कार्ड, खतौनी, बैंक पासबुक व लेखपाल से सत्यापित कागज होना जरुरी है।