जरवल में शनिवार को हाईस्कूल की परीक्षा देकर वापस आते छात्र।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। यूपी बोर्ड परीक्षा शनिवार को दो पालियों में आयोजित हुई। दोनों पालियों की परीक्षा में 2645 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसमें सबसे अधिक 2240 परीक्षार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा सेे किनारा कर लिया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा शनिवार को 87 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। पहली पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय और इंटर सैन्य विज्ञान की परीक्षा थी। अंग्रेजी की परीक्षा में 29977 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। जिसमें 27737 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। 2240 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं इंटर के सैन्य विज्ञान की परीक्षा में 89 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 73 ने परीक्षा दी। 16 ने परीक्षा छोड़ दी।
इसी तरह द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट गृह विज्ञान और व्यापारिक संगठन की परीक्षा आयोजित हुई। गृह विज्ञान में 3848 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 3533 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। 315 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं व्यापारिक संगठन की परीक्षा में 313 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिसमें 239 ने हिस्सा लिया। 74 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र पांडेय ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाती रही।
गपशप करते दिखे केंद्र व्यवस्थापक तो नपेंगे
बहराइच। जिला विद्यालय निरीक्षक की अगुवाई में गठित टीम द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों पर छापा मारे जा रहे हैं। परीक्षा के दौरान अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को बेहतर कार्य के लिए लगाया गया है। मगर कई केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान मैदान में बैठ करके गपशप करते हुए दिख रहे हैं। यह सभी आराम करते हुए नजर आते हैं। डीआईओएस राजेंद्र पांडेय ने बताया कि अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक को परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा कराए जाने के लिए तैनात किया गया है। मगर इस तरह की लापरवाही बरतने के कारण सरकार की छवि धूमिल हो सकती है। अगर इन सभी के द्वारा सुधार नहीं लाया गया तो सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।