फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तालाब में नहाते समय चार किशोरियां डूबीं, दो को बचाया

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। तालाब में नहाते समय चार किशोरियां डूब गईं। इनमें दो किशोरियों को तालाब के किनारे खड़े एक युवक ने बचा लिया। एक किशोरी का शव मिल गया है, जबकि एक का अभी तक पता नहीं चल सका है। फ्लड पीएसी के जवान लापता किशोरी को खोज रहे हैं। तालाब के तट पर कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन


जरवल रोड थाना अंतर्गत ग्राम अहाता के भिज्जूपुरवा निवासी रिंकी (15) पुत्री गुड्डू अपनी छोटी बहन प्रियंका (11) व सहेली राजवंती (14) पुत्री रामधीरज निषाद और मीरा (16) पुत्री शिवचरण के साथ सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित जुराखन घाट तालाब के उस पार मवेशियों के लिए घास लाने गई थी।

सभी नाव से घास लेकर जब इस पार लौटी तो तालाब में स्नान करने लगीं। स्नान के दौरान पैर फिसलने से चारों सहेलिया गहरे पानी में डूबने लगी। सभी ने शोर मचाया। इस पर तालाब के तट पर मौजूद दमरीपुरवा निवासी राजकुमार दौड़ा।
विज्ञापन


किशोरियों को डूबता देख उसने तट के किनारे खड़ी नाव की सहायता से किसी तरह मीरा व प्रियंका को बचा लिया। दोनों को तालाब के किनारे पहुंचाकर जब वह अन्य किशोरियों को बचाने के गया, तब तक दोनों गहरे पानी में डूब चुकी थीं।

काफी खोजबीन के बाद भी रिंकी व राजवंती का पता नहीं लगा। सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन घाघरा नदी से जुड़ा होने के कारण तालाब में बहाव तेज था। ऐसे में स्थानीय गोताखोरों की हिम्मत तालाब में उतरने की नहीं हुई।

तब तक जरवलरोड थाने के उप निरीक्षक राहुल सिंह व आरक्षी राजेश यादव भी मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान राजेश कुमार यादव ने पूरे मामले की सूचना उप जिलाधिकारी कैसरगंज पंकज कुमार को दी।

एसडीएम ने 12वीं वाहिनी फ्लड पीएसी फतेहपुर के जवानों को मौके पर रेस्क्यू के लिए भेजा। जवानों ने जाल की मदद से डूबी किशोरियों की तलाश शुरू की, लेकिन दोपहर बाद तक तलाश के बावजूद सिर्फ रिंकी का शव तालाब से बरामद हो सका है। अब तक राजवंती का पता नहीं लग सका है।

बाराबंकी से मंगाया गया जाल
डूबी किशोरियों की तलाश के लिए पुलिस ने बाराबंकी के बैरमपुर से जाल को मंगवाया। राजवंती की तलाश की जा रही है। पर उसका पता नहीं चल सका है।

काफी गहरा है तालाब
ग्राम प्रधान राजेश कुमार यादव का कहना है कि जुराखन तालाब घाघरा नदी से जुड़ा होने के कारण काफी गहरा है। नदी की तरह तालाब के किनारे कटान भी होती है। ऐसे में तालाब में सिर्फ नाव से ही आवागमन हो सकता है। शायद इसकी जानकारी किशोरियों को नहीं रही होगी, जिसके कारण सभी स्नान करने उतरीं और डूब गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें