बहराइच। जिले के सभी 51 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान मेले में आए करीब 19,050 रोगियों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। सीएमओ ने मेले का निरीक्षण भी किया।
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ गया है। बच्चों में उल्टी-दस्त की भी समस्या बढ़ी है। इसके कारण आरोग्य मेले में बुखार व उल्टी-दस्त से पीड़ित बच्चों की भरमार रही।
नानपारा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमवा हुसैनपुर में चिकित्सक डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने केवल बुखार के ही 43 मरीजों का इलाज किया, जबकि 12 मरीजों की शुगर, बलगम और टाइफाइड की जांच कराई गई।
कोइली देवी को उच्च रक्तचाप की दवा देकर मेडिकल कॉलेज में दिखाने की सलाह दी गई। इस मौके पर राजमणि चौधरी फार्मासिस्ट, आरिफ अली अंसारी लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स श्वेता अनुरागी, राम सागर व विनोद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
तेजवापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कीर्तनपुर में पीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. आकांक्षा राय सिंह ने 48 मरीजों का इलाज किया। चिकित्सक ने बताया कि वायरल फीवर व आंखों के इन्फेक्शन के मरीज सबसे अधिक संख्या में आए। इस दौरान रोहिनी देवी, संध्या, समीर खान व चांद बाबू सहित अन्य को दवाएं दी गईं।
रूपईडीहा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. रजनी गुप्ता ने 36 मरीजों का इलाज किया। उन्होंने बताया कि बुखार पीड़ित दयाशंकर, शना, गोपाल, मुनीर, पेशकार, विनीता बहादुर की जांच कर दवाइयां दी गईं। इस मौके पर नर्सिंग ऑफिसर संगीता रावत, सुपरवाइजर सुनील मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हुजूरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रमवापुर में 67 मरीजों का इलाज डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने किया। यहां भी ज्यादातर मरीज बुखार से पीड़ित रहे, जबकि नवाबगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौगड़़वा में 47 मरीजों का इलाज किया गया।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सद्दाम हुसैन ने बताया कि इस समय मौसम का असर लोगों पर है। इसलिए खांसी, बुखार, खुजली व पेट दर्द के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की जांच भी कराई गई है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबागंज में 55 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इस दौरान चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक सिंह, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार गुप्ता ने मरीजों की जांच की दवाएं दीं।
विशेश्वरगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदुआ कबीर में चिकित्सक की अनुपस्थिति में फार्मासिस्ट देवेंद्र मिश्रा ने 11 मरीजों का इलाज किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरैना में भी फार्मासिस्ट विजय पांडे ने ही 26 मरीजों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गंगवल बाजार में आयुष चिकित्सक डॉ. ओपी पाठक ने 25 मरीजों का इलाज किया।
रिसिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नर्सिंगडीहा में डॉ. शोएब ने बाबू, मलिक, महरू निशा, भुजंग खा, नाजिम, शकुंतला, अंजली, कमलेश, ज़रूदीन, नीरज सिंह, रियाज, राधेश्याम, मोहम्मद कासिम, आसिया, आदिल की जांच कर दवाइयां दीं।
स्वास्थ्य मेले की व्यवस्था देखने के लिए कई पीएचसी का निरीक्षण किया गया। जिले भर में करीब 19,050 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उनका इलाज किया गया।
- डॉ. संजय शर्मा सीएमओ