बहराइच। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर का असर शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में देखने को मिला। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में एक ही दिन में 19 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। एक ही दिन इतनी संख्या में संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गई है। विभाग की ओर से संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पड़ताल की जा रही है।
कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाया है। गुरुवार को विभिन्न ब्लॉकों से मिलाकर कुल 1979 लोगों के नमूने कोविड जांच के लिए भेजे गए थे। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 19 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें शहरी क्षेत्र में चार, महसी में दो, बलहा में तीन, बहराइच में सात, जरवल, पयागपुर व विशेश्वरगंज में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। जिले में तीन कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। कोरोना संक्रमण की निगरानी के लिए कुल 1125 टीमें बनाई गई हैं।