बहराइच। दीवानी न्यायालय व जनपद के तहसीलों में शनिवार को मासिक राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। इस मौके पर विभिन्न न्यायालयों पर लंबित 1217 वादों को आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित किया गया।
दीवानी न्यायालय के सभागार में आयोजित मासिक राष्ट्रीय लोक अदालत की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जनपद न्यायाधीश विजय कुमार शर्मा ने की।
प्राधिकरण के सचिव व सिविल जज सीनियर डिवीजन शाहनवाज तौकिर खान तनवीर ने बताया कि जनपद न्यायालय में दीवानी के 15, मोटर दुर्घटना प्रतिकर के 02, पारिवारिक विवाद के 15, उत्तराधिकारी प्रमाणपत्र के 04, फौजदारी के 211, विद्युत अधिनियम 06 और बैंक वसूली 186 वादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर कराया गया।
सदर तहसील में 204, नानपारा में 317, कैसरगंज में 105 और महसी तहसील में 152 वाद सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित हुए।
सिविल जज ने बताया कि निस्तारित वादों में मोटर दुघर्टना प्रतिकर की धनराशि 10 हजार व 9 हजार 435 वसूल की गई। उत्तराधिकारी प्रमाणपत्र की धनराशि 5 लाख 59 हजार 512 रही जबकि जिले की विभिन्न बैंकों की वूसली के मामलों में सुलह समझौते की धनराशि 70 लाख 69 हजार 803 रुपये रही।