नानपारा (बहराइच)। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। किसी मुकाम पर पहुंचने के लिए व्यक्ति को अपनी मंजिल का भी पता होना चाहिए। यह कहना है कि विपणन अधिकारी से समीक्षा अधिकारी बनीं सुनीता मिश्रा का।
वर्ष 2013 की उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सुनीता ने अपनी मेधा का परचम लहराते हुए संयुक्त रूप से 22 वीं रैंक व महिला संवर्ग में प्रथम रैंक हासिल की है। सुनीता के घर खुशी का माहौल है।
नानपारा कोतवाली अंतर्गत राढ़नटोला निवासी सुनीता मिश्रा ने स्थानीय श्रीशंकर इंटर कॉलेज से वर्ष 1993 में इंटरमीडिएट और एमएलके पीजी कालेज बलरामपुर से वर्ष 1997 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद मध्यकालीन इतिहास विषय से केडीसी सेे और समाजशास्त्र विषय से सीमांत डिग्री कालेज से परास्नातक किया है। इसी साल के जून माह में बतौर विपणन अधिकारी सुनीता की बस्ती जिले में तैनाती हुई। इससे पूर्व सुनीता हाड़ा बसेहरी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं।
सुनीता के पिता श्याम किशोर मिश्र उप बेसिक शिक्षा अधिकारी पद से रिटायर हुए हैं जबकि मां सावित्री मिश्रा प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका हैं। सुनीता ने इस सफलता का श्रेय पिता, माता व गुरुजनों को दिया है।