बहराइच। बोर्ड की सादी उत्तर पुस्तिकाओं का विवरण न देने, कॉपियों का रख-रखाव ठीक न होने, छात्र-छात्राओं को मोबाइल से नकल कराने सहित कई मामलों को लेकर जिले के 10 इंटर कॉलेजों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से डिबार घोषित कर दिया गया है। इसमें एक इंटर कॉलेज हमेशा के लिए परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। महसी के राजा भैया मेमोरियल इंटर कॉलेज वंशपुरवा ने सादी उत्तर पुस्तिकाओं का विवरण मांगने पर अपूर्ण जानकारी दी थी। शेष कॉपियों का रख-रखाव ठीक नहीं था। इसे सदैव के लिए डिबार घोषित किया गया है। दीप नरायन तूफानी दास इंटर कॉलेज सेमरहना में परीक्षार्थियों को नकल कराने का प्रयास किया गया था।
प्रधानाचार्य के विरोध करने व अभिलेख को फाड़ने पर 2027 तक डिबार किया गया। पं. सत्यदेव मणि त्रिपाठी उ.मा. विद्यालय जैतापुर, राम बिहारी शुक्ल इंटर कॉलेज बनकटा पयागपुर व मिश्री लाल कमला देवी इंटर कॉलेज पिपरीमाफी में केंद्र व्यवस्थापक द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं, ओएमआर शीट व कॉम्प्लीमेंट्री शीट का एक बंडल बनाकर संकलन केंद्र पर जमा कराने पर वर्ष 2026 तक डिबार घोषित किया गया।
इसके अलावा लाॅर्ड कृष्णा इंटर कॉलेज प्रेमीदास कुट्टी व आचार्य विनोद कुमार मदन गोपाल कटघरी सुग्रीव सिंह में 21 फरवरी, 2023 के बाद डीवीआर के सुरक्षित डाटा के अवलोकन में एक-दूसरे से बातचीत करते हुए सामूहिक नकल करने की स्थिति पाए जाने के कारण 2026 तक डिबार घोषित किया गया।
राम सागर शारदा प्रसाद मिश्र उ.मा. विद्यालय कटेल खुटेहना में परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्थापक द्वारा परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिए जाने के कारण वर्ष 2026 तक और कैंब्रिज इंटर कॉलेज खसहा मोहम्मदपुर में 2023 की परीक्षा में हिंदी, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी की अ और ब उत्तर पुस्तिकाओं में राइटिंग भिन्न होने के कारण इसे भी वर्ष 2026 तक के लिए डिबार घोषित किया है।