युवकों ने सीएचसी पर किया हंगामा, स्वास्थ्य कर्मियों से अभद्र व्यवहार
अमीनगर सराय (बागपत)। पिलाना सीएचसी पर दुर्घटना के मरीज के साथ आए कुछ युवकों ने सोमवार को डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्रता की। आरोप है कि हॉस्पिटल के कांच का दरवाजा तोड़ दिया। चिकित्सक ने युवकों के खिलाफ मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया है।
पिलाना सीएचसी पर सोमवार की शाम दुर्घटना का एक मरीज इलाज के लिए आया था। उसके साथ आए सांकलपुट्ठी के युवक समेत तीन व्यक्तियों ने मेडिकल स्टाफ व पैरा मेडिकल स्टाफ के साथ गली गलौज व अभद्र व्यवहार किया। सीएचसी पर उपस्थित चिकित्सकों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने कांच के दरवाजे को तोड़ दिया। मेडिकल स्टाफ ने लिखित सूचना थाना सिंघावली अहीर पर दी। थाना पुलिस ने जसमीत पुत्र सतबीर और दो अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसओ शिवप्रकाश ने बताया कि सीएचसी पर तैनात चिकित्सक की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।