घर में घुसकर हमला, फायरिंग, पथराव, पांच घायल
बड़ौत (बागपत)। खेड़ा इस्लामपुर गांव में गली में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली को हटवाने के विवाद में गांव के कुछ दबंग लोगों ने एक मकान में घुसकर घर में मौजूद लोगों पर पथराव, फायरिंग व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इसमें तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग निकले। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इस संबंध में घायलों ने एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
घायलों में प्रियंका पत्नी नरेश पाल, सुमेश पत्नी नरेश पाल, गौरव और सौरभ पुत्र नरेश पाल और राजेश पत्नी गौरव शामिल हैं। घायलों ने बताया कि वे गांव में दूध की डेयरी का काम करते हैं। मंगलवार की सुबह मवेशियों के लिए ट्रैक्टर-ट्राली से पशु आहार उतार रहे थे, इस दौरान इसी गली में रहने वाले कुछ दबंग लोगों ने ट्राली हटाने को कहा। पांच मिनट रुकने की बात कहीं तो देख लेने की धमकी देते हुए चले गए। दोपहर के समय जब परिवार के लोग घर में बैठे थे, तो आरोप है कि पूरे परिवार को जान से मारने की नियत से एक दर्जन से अधिक लोगों ने घर पर हमला बोल दिया। फायरिंग भी की, पीड़ितों ने घर मेें छिपकर जान बचाई, इसके बाद उन्होंने घर पर पथराव शुरू कर दिया और बाद में धारदार हथियार लेकर घर में घुस गए और सभी को मारपीट कर अधमरा कर दिया। शोर सुनकर लोग उधर दौडे़ और इसकी सूचना पुलिस को दी, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग निकले। बाद में पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इस संबंध में पीड़ित पक्ष के सौरभ ने गांव के ही एक दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। हालांकि देर शाम दूसरे पक्ष के हरिओम ने भी घायलों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल अजय शर्मा ने कहा दोनों पक्षों से तहरीर आई है, जांच कर कार्रवाई होगी।