बड़ौत। वाजिदपुर गांव में सोमवार को डेयरी संचालक को गोली मारकर घायल करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पकड़ा गया आरोपी आशीष पुत्र राजवीर वाजिदपुर गांव का ही रहने वाला है। कोतवाल अजय शर्मा को सूचना मिली कि वाजिदपुर गांव के सतपाल पुत्र सूरजमल को गोली मारने वाला आरोपी लौहड्डा पुलिया पर खड़ा है। सूचना पर कोतवाल अजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर युवक को धर दबोचा। पकड़े गए युवक से पुलिस ने एक तमंचा 315 बोर और कारतूस बरामद किए है। उसने बताया कि चाचा के लड़के अजय ने सतपाल को प्लाट बेचा था, जबकि इस प्लाट को वह खरीदना चाहता था। इसी बात को लेकर गुस्से मेें गोली मारी थी। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
दो वांछितों को भेजा जेल
बड़ौत। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि कोतवाली में विभिन्न मामलों में दर्ज मुकदमों के बाद काफी समय से वांछित चल रहे मनोज उर्फ काला पुत्र रोशन निवासी लुहारी व शमशेर पुत्र जमशेद निवासी मोहल्ला मंडी थाना बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।