प्रदेश सरकार के अनुपूरक बजट पर विभिन्न वर्गों की प्रतिक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। प्रदेश सरकार द्वारा बुधवार को पेश किए गए अनुपूरक बजट पर युवाओं ने खुशी जाहिर की। वहीं, किसानों ने कहा कि बजट में महंगाई कम करने का प्रयास ऊंट के मुंह मेें जीरा के बराबर है। गृहिणियों ने बजट में रसोई के लिए कुछ नहीं राहत नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है।
ये हैं प्रतिक्रियाएं
सिनौली गांव के किसान नरेंद्र का कहना है कि प्रदेश सरकार के अनुपूरक बजट में किसानों के लिए कोई राहत नहीं दी है। बिजली, डीजल आदि सस्ता होता तो लाभ मिलता। इस बजट में किसानों की आय दोगुनी करने का दंभ भरने वाली सरकार ने कोई खास राहत नहीं दी है।
युवाओं में जगी आस
युवा आकाश का कहना है कि प्रदेश सरकार के अंतरिम बजट से युवाओं को काफी लाभ होगा। इससे रोजगार समेत कई अन्य आस जगी हैं। बजट का युवाओं को अधिक से अधिक लाभ मिल सकेगा।
रोजगार व बेहतर शिक्षा मिलेगी
युवा नरेंद्र का कहना है कि बजट में युवाओं का ख्याल रखा गया है। कोरोना काल में बेरोजगार युवाओं के लिए सरकार का अच्छा कदम है। इससे रोजगार के साथ बेहतर शिक्षा भी मिलेगी।
बजट से गृहिणियां मायूस
राजेश वर्मा का कहना है कि अंतरिम बजट काफी निराशाजनक है। रसोई गैस से लेकर रसोई का सभी सामान महंगा हो गया है। इससे निजात दिलाने के लिए बजट में कुछ भी नहीं है।