शामली के फुगाना का रहने वाला था युवक, बड़ौत किसी काम से आया था
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार को हाईवे पार कर रहे एक युवक को ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
शामली जिले के फुगाना गांव का रहने वाला 31 वर्षीय सेठी पुत्र रमेश बृहस्पतिवार को किसी काम से बड़ौत आया था। शाम को लौटते वक्त हाईवे पर पीएन शर्मा पार्क के पास पैदल ही सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान बड़ौत की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। सेठी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।