बड़ौत। लुहारी गांव में शनिवार को चुनावी रंजिश के चलते एक युवक को सरेआम आधा दर्जन युवकों ने दौड़ा-दौडाकर पीटा और गंभीरू रूप से घायल कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को देख हमलावर बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। बाद में पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। घायल ने गांव के ही कई युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
ग्राम लुहारी निवासी युवक शुभम पुत्र सतेंद्र अपने घर से थोड़ी दूर एक अन्य युवक के साथ खड़ा था। इसी दौरान तीन बाइक पर आधा दर्जन युवक आए और शुभम पर बेल्ट, लाठी-डंडे व लात-घुसों से हमला बोल दिया। इस दौरान शुभम जान बचाने के लिए दौड़ता रहा और हमलावर उसे पीटते रहे। इस दौरान ग्रामीणों से जानकारी पाकर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। पुलिस घायल शुभम को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायल युवक ने कोतवाली में गांव के ही कुछ युवकों के खिलाफ तहरीर दी और चुनावी रंजिश बताई। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि हमलावरों की तलाश जारी है, जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।