दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कलक्ट्रेट के पास ईंट ढोने वाले अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका ताऊ गंभीर घायल हो गया। गांव में गम का माहौल है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
गौरीपुर जवाहरनगर निवासी अमित (25) अपने ताऊ जयभगवान के साथ शुक्रवार देर शाम खेकड़ा क्षेत्र की डूंडाहेड़ा के पास स्थित कपड़े की फैक्ट्री से बाइक से लौट रहा था। जैसे ही वे कलक्ट्रेट के पास पहुंचे, तभी बड़ौत की ओर से आ रहे ईंट ढोने वाले ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। बाइक पर सवार अमित की मौत हो गई और उसका ताऊ जयभगवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोग घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। घटना से वहां पर हड़कंप मच गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना से हाईवे पर काफी देर तक जाम लगा रहा। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी लोकेंद्र शर्मा का कहना है कि इस मामले में आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
18 साल पूर्व पिता की हो चुकी हादसे में मौत
बागपत। परिजनों का कहना है कि 18 साल पूर्व अमित के पिता फेरू की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
छह बहनों का अकेला था भाई
बागपत। अमित अपनी छह बहनों में अकेला भाई थी। उनकी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके मुंह निकल रहा था कि भाई हमें छोड़कर चला गया। अब हम किसके राखी बांधेंगे।
बाइक सवार युवक की मौत
बिनौली। बरनावा गांव मं शुक्रवार की दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा। गांव निवासी शादाब पुत्र शमशाद 18 वर्षीय शुक्रवार की सुबह बाइक से कहीं जा रहा था। जब वह गांव के बहार बरनावा-दाहा मार्ग पर पहुंचा तो सामने से आए रहे ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गयी।
इससे मौके पर ही शादाब की मौत हो गयी। घटना के बाद वहां पर भारी भीड़ एकत्रित हो गयी और आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर चालक कपिल को पकड़ उसकी धुनाई की। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक को पकड़कर थाने ले गयी। इस संबंध मेें मृतक के परिजनों ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।