बागपत के छपरौली क्षेत्र के लूंब गांव में ट्रक ने साइकिल सवार युवक को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा।
बृहस्पतिवार को लूंब गांव निवासी बबलू (35) पुत्र महावीर किरठल के क्रेशर से साइकिल पर सवार होकर गांव वापस आ रहा था, वह अपने साथ स्टील के डिब्बे में छाछ भी लिए था। ग्रामीणों के मुताबिक जब गांव के पास आया तो शराबी ट्रक चालक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया और ट्रक के पिछले पहियों ने उसका सिर कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और डिब्बे में रखी छाछ उसके ऊपर बिखर गई।
मृतक युवक किरठल के एक गन्ना क्रेशर पर कार्य कर रहता था और क्रेशर चलने या न चलने की जानकारी लेने साइकिल से किरठल गया था। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर टांडा - रमाला मार्ग जाम कर दिया। इससे दूर दूर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आश्वासन देकर जाम खुलवाया और वाहनों का आवागमन शुरू कराया। सीओ अजय शर्मा ने बताया आरोपी चालक सतीश पुत्र अंतराम निवासी जंधेड़ा जनपद सहारनपुुुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।