बागपत। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर साइबर ठगों ने रमाला के युवक को अपना निशाना बना लिया। इसमें महिला ने खुद को यूएस आर्मी की अफसर बताकर कुछ दिन बातचीत की और फिर एयरपोर्ट पर सामान भेजने के नाम पर 1.60 लाख रुपये की ठगी कर ली।
रमाला गांव के शकील ने बताया कि कुछ दिन पहले फेसबुक पर उसके पास एक महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। इसके बाद महिला ने खुद को यूएस आर्मी की अफसर बताकर मैसेज भेजकर बातचीत शुरू की और फिर मोबाइल नंबर ले लिया। कुछ दिन बाद महिला ने पार्सल में मोबाइल, लेपटॉप और गहने का पार्सल भेजने और एयरपोर्ट से लेने के बारे में बताया। वह एयरपोर्ट पर पहुंचा तो उससे टैक्स के नाम पर पचास हजार रुपये जमा कराए गए और बाद में कई बार करके 1.60 लाख रुपये जमा करा लिए गए। अब महिला का फोन बंद आ रहा है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।