खेकड़ा । एक महिला ने डीएम से मिल कर हसनपुर मसूरी सहकारी समिति में कार्यरत दिवंगत पति के स्थान पर नौकरी दिलाने एवं पति का वेतन, पीएफ दिलाने की मांग की।
मंगलवार को बागपत निवासी विधवा सरला सचान पत्नी स्वर्गीय विनोद कुमार सचान तहसील दिवस में डीएम से मिली। उसने बताया उसके पति साधन सहकारी समिति, हसनपुर मसूरी में 26 साल से आंकिक के पद पर कार्यरत थे।
छह जुलाई से तेरह जुलाई 2016 तक आकस्मिक अवकाश पर रहने के बाद उपचार बीच में छुड़वाकर संबंधित अधिकारियों ने ड्यूटी पर बुलवाया और झूठे तथ्यों के आधार पर निलंबित कर दिया। इससे डिप्रेशन में पति का निधन हो गया। उसके चार छोटी- छोटी बेटी हैं। आय का कोई स्रोत नहीं है। वह विभागीय अधिकारियों से पति के रुके वेतन और पीएफ के लिए कहती है तो एक दूसरे पर टालकर परेशान किया जा रहा है। महिला ने नौकरी दिलवाने की मांग की।