संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। श्री यमुना इंटर कॉलेज का एक अक्तूबर से समय बदलने के कारण वहां चल रहे अभ्युदय कोचिंग के छात्रों को शुक्रवार को कॉलेज के बाहर रोक दिया गया। इस पर अभ्युदय कोचिंग के छात्रों ने हंगामा कर दिया। यह मामला अधिकारियों के पास पहुंचा तो कॉलेज के कक्षा नौ व 12वीं के विद्यार्थियों की एक घंटा पहले छुट्टी कर घर भेज दिया गया। तब दो कमरे खाली कराकर अभ्युदय कोचिंग में छात्रों को पढ़ाया गया।
शहर के श्री यमुना इंटर काॅलेज में एक अक्तूबर से पहले विद्यार्थियों का आने का समय सुबह आठ बजे था और छुट्टी डेढ़ बजे हो जाती थी। प्रशासन ने कॉलेज में ही मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के लिए दो कमरे ले रखे हैं और यहां नीट, यूपीएससी व अन्य विषयों की कोचिंग कराई जाती है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकेश राज शर्मा ने एक जुलाई को सीडीओ, डीआईओएस, जिला समाज कल्याण अधिकारी व कोर्स कोऑर्डिनेटर को पत्र भेजकर एक अक्तूबर से किसी दूसरे स्थान पर कोचिंग करने के लिए कहा था, ताकि उनके कॉलेज के विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो सके।
उन्होंने बताया था कि एक अक्तूबर से कॉलेज का समय सुबह साढ़े नौ से तीन बजे तक का रहेगा और यहां दो बजे से कोचिंग नहीं कराई जाएगी। फिर भी अफसर मौन रहे।
शुक्रवार को जब अभ्युदय कोचिंग के लिए विद्यार्थी पहुंचे तो कॉलेज में पढ़ाई होने के कारण उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया और बाहर रोक दिया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि अब कक्षा चल रहीं हैं और ऐसे में कमरे खाली नहीं हैं। इसलिए उन्हें अंदर नहीं जाने दिया जा सकता।
इसके विरोध में विद्यार्थियों ने हंगामा किया। इसमें समाज कल्याण अधिकारी ज्योति शर्मा व डीआईओएस राघवेंद्र सिंह तक मामला पहुंचा तो प्रधानाचार्य ने एक घंटा पहले ही कक्षा नौ व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की छुट्टी करा दी। कोचिंग के लिए विद्यार्थियों को अंदर बुलाया। कोचिंग के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई पर संकट आ गया है और ऐसे में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा बाधित हो सकती है।