रमाला। सहकारी चीनी मिल में रविवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर तौल लिपिकों ने नारेबाजी कर धरना दिया। मुख्य गन्ना अधिकारी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर वेतनवृद्धि कराने का आश्वासन देकर तौल लिपिकों का धरना समाप्त कराया।
सहकारी चीनी मिल के तौल लिपिक रविवार को गन्ना तौल बंद कर मिल परिसर में धरने पर बैठ गए। तौल लिपिकों ने वेतनवृद्धि की मांग को लेकर नारेबाजी की। बताया कि उन्हें नौ हजार रुपये वेतन दिया जा रहा है, लेकिन महंगाई के चलते आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार साल से वेतन में कोई वृद्धि नहीं की गई। उन्होंने जल्द से जल्द वेतन वृद्धि की मांग की।
उधर तौल बंद होने पर शुगर मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी अजय कुमार धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने तौल लिपिकों की समस्या सुनी। जहां मुख्य गन्ना अधिकारी अजय कुमार यादव ने तौल लिपिकों को समझाकर धरना समाप्त कराया। तौल लिपिकों की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया जाएगा और जल्द ही उनकी मांग पूरी कराई जाएगी।