किसानों को चपत :
- हजूराबाद गढ़ी गांव का मामला, बृजनाथपुर चीनी मिल का क्रय केंद्र
- पूर्व राज्यमंत्री कुलदीप उज्ज्वल ने डीएम शकुंतला गौतम से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। तौल केंद्रों पर किसानों से लिपिक तीन प्रतिशत गन्ना काट रहे हैं। ऑफलाइन तौल भी कराई जा रही है। तौल लिपिक और किसान की ऑडियो वायरल हुई। पूर्व राज्यमंत्री कुलदीप उज्ज्वल ने मामले की शिकायत डीएम शकुंतला गौतम से की है। डीएम ने जांच कराने का आश्वासन दिया।
ऑडियो में पूर्व मंत्री कुलदीप उज्ज्वल के पिता चौधरी धर्मपाल सिंह अपने गांव के तौल लिपिक से बात कर रहे हैं। किसान का कहना है कि प्रति क्विंटल तीस प्रतिशत लेना गलत है। इस पर तौल लिपिक ने जवाब दिया कि ऑफलाइन तौल करा रहा है, इससे कम में काम नहीं चलेगा। किसान ने कहा कि दो प्रतिशत तो अन्य लिपिक ले रहे हैं। इस पर लिपिक जवाब देता है कि सभी जगह तीन प्रतिशत लिया जा रहा है। वायरल ऑडियो से क्रय केंद्रों पर चल रहे तौल पर सवाल उठना लाजिमी है। पूर्व मंत्री कुलदीप उज्ज्वल ने बताया कि मामले की शिकायत डीएम शकुुंतला गौतम से की गई है, उन्होंने प्रकरण की जांच का भरोसा दिया है।
किसानों को लग रही चपत
बागपत। तौल केंद्र पर अगर रोजाना एक सौ क्विंटल गन्ने का तौल भी हुआ है तो तीन क्विंटल गन्ने काटे जा रहे हैं। करीब एक हजार रुपये रोजाना का किसानों को नुकसान और तौल लिपिक को फायदा हो रहा है।
डीसीओ डॉ अनिल भारती का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। क्रय केंद्र बृजनाथपुर मिल का है। टीम गठित कर इस मामले की जांच होगी।