सात गांव लोगों को रेलवे लाइन से गुजरने के लिए होना पड़ रहा विवश
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। जिले में रविवार और सोमवार की रात हुई बारिश के बाद रेलवे अंडरपास में जलभराव हो गया है। इससे करीब सात गांव के लोगों को लाइन से होकर गुजरने के लिए विवश होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने अंडरपास में जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों को रेलवे लाइन पार करने के लिए रेलवे की ओर से छह अंडरपास का निर्माण कराया गया। मगर, अंडरपास में बारिश से बचाव के लिए टिनशेड और पानी की निकासी के लिए बोरिंग की व्यवस्था नहीं कराई गई। रविवार और सोमवार रात हुई बारिश के बाद कंडेरा-जिवानी के अलावा असारा अंडरपास में तीन से पांच फीट तक जलभराव हो गया है। अंडरपास से गुजरने वाले वाहन साइलेंसर में पानी भरने से बीच बंद हो रहे है। जलभराव के कारण लोगों को लाइन के ऊपर से गुजरने के लिए विवश होना पड़ रहा है। असारा, बुढ़पुर, अशरफाबाद थल, जिवाना, जिवानी, कंडेरा, गूंगाखेड़ी गांव जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण नरेंद्र सिंह, मनोज, नसीम, जमील, सुभाष, रोहन, अजय, गुलाब, तिलक सिंह ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।