बागपत। मौसम में बदलाव आने से मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। जलभराव होने से डेंगू और मलेरिया की संभावना बढ़ जाती है। डेंगू व मलेरिया से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
मौसम में बदलाव आने पर सर्दी, जुकाम, वायरल के साथ-साथ डेंगू व मलेरिया की बीमारी का खतरा रहता है। डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। डेंगू की पुष्टि होने पर मरीज के उपचार के लिए जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में छह बेड का डेंगू वार्ड बनाया गया है। मरीज के उपचार के लिए सभी सरकार अस्पतालों में दवाईयां उपलब्ध करा दी गई है। जिले में शुक्रवार से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक करेंगे। सीएमओ डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि डेंगू के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारी पूरी है। जिले में अभी तक डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। डेंगू की पुष्टि होने पर मरीज के उपचार के लिए जिला अस्पताल में डेंगू वार्ड बनाया जाएगा। विभाग की ओर से एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।
क्या है लक्षण
तेज बुखार और जोड़ो में दर्द होना
शरीर पर लाल रंग के चकते बनना
उल्टी दस्त के साथ सिर में तेज दर्द होना
प्लेटस कम होने पर मुंह, नाक से खून बहना
ऐसे करें बचाव
- घरों के आस-पास पानी एकत्रित न होने दे
- फ्रीज की ट्रे और कूलर को नियमित साफ करें
- नालियों में केरोसिन डालें
- पूरी आस्तीन के कपड़े पहने
- रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें